उज्जैन।कानपुर में क्षेत्राधिकारी समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक उसे महाकाल मंदिर के पास गिरफ्तार किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम उसे पिछले छह दिन से खोज रही थी। उसके दिल्ली में छिपे होने की खबर आ रही थी। दो जुलाई को कानपुर के बिकरू गांव में विकास को गिरफ्तार करने गई पुलिस के आठ लोगों की उसके गैंग ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने अगले दिन विकास के मामा प्रेमप्रकाश पांडे और सहयोगी अतुल दुबे का एनकाउंटर कर दिया। 60 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। सोमवार छह जुलाई को पुलिस ने अमर की मां क्षमा दुबे और दयाशंकर की पत्नी रेखा समेत 3 को गिरफ्तार किया। बुधवार को एसटीएफ ने विकास के करीबी अमर दुबे को मार गिराया। गुरुवार को उसके साथी प्रभात मिश्रा और बऊआ दुबे भी एनकाउंटर में मारे गए। विकास की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। विकास के पकड़े जाने से उत्तर प्रदेश पुलिस के उसके मददगारों की भी नींद उड़ गई है।