अथहर महमूद सिद्दिकी
कालागढ़ में पेड़ पर चढ़ने वाला मेंढक दिखाई दिया। सामान्य रूप से पानी के तालाब एवं दलदली इलाकों में मेंढक पाए जाते हैं। यह मेंढक जल और थल दोनों पर ही निवास करते हैं। कालागढ़ में मेंढक की एक नई प्रजाति दिखाई दी है। पेड़ पौधों पर चढ़ सकता है।इस मेंढक का साक्षात्कार सवेरे सैर पर निकले लोगों से हो गया। एक अजीब से रंग के मेंढक को फुदक कर पेड़ पर चढ़ते देख सभी आश्चर्यचकित थे। लोगों ने मेंढक की तस्वीरें खींची और वीडियो बनाकर वायरल कर दी।कार्बेट टाइगर रिजर्व के उप प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन सिंह खाती ने बताया कालागढ़ में इस तरह का जीव दिखाई देना जनता के लिए अवश्य ही एक अद्भुत घटना हो सकती है, वनों में इस प्रकार के अनेक दृश्य अनायास ही देखने को मिल जाते हैं। मेंढक जल व थल में तो रहता ही है परंतु उसकी कुछ प्रजातियां ऐसी भी हैं जो आम आदमी ने देखी सुनी नहीं है। मेंढक पेड़ पर चढ़ते भी हैं और उस पर अपने घोसले भी बनाते हैं। कालागढ़ में यह मेंढक दिखाई देना कार्बेट राष्ट्रीय उद्यान के रखरखाव एवं संरक्षण की समृद्धि को दर्शाता है। यह जीव ज्यादातर पेड़ों पर रहता है। जनता को इसके संरक्षण में सहयोग करना चाहिए।